बॉलीवुड नहीं अब हिन्दवुड दिलाएगा सुशांत को न्याय!

The Correspondent: नोएडा में सीएम योगी के नेतृत्व में बनने जा रही फिल्म सिटी को मुंबई स्थित फिल्म सिटी से अलग फिल्म सिटी बनाने की कोशिशें की जा रही हैं मतलब कि अभी सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से उजागर हुईं फिल्म इंडस्ट्री की खामियां नोएडा की फिल्म सिटी को छू भी ना पाएं इस तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। नोएडा फिल्म सिटी को अलग बनाने की होड़ में सीएम योगी तो जुटे ही हैं तभी तो मुंबई पहुंचकर फिल्मी दुनिया से जुड़ी हस्तियों से मुलाकात कर रहे हैं। लेकिन यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ साथ उनकी इस कोशिश में उनका साथ विजय शेखर गुप्ता भी दे रहे हैं। विजय शेखर गुप्ता वही निर्माता हैं जिन्होंने सुशांत सिंह राजपूत की मौत पर एक फिल्म बनाने का एलान किया हुआ है।

फिल्म का नाम ‘सुसाइड और मर्डर’ रखने की बात कही गई है। कई एड फिल्म्स में निर्माता की भूमिका निभा चुके विजय शेखर गुप्ता सुशांत को न्याय ना मिलने से इतने आहत हो गए कि वो सुशांत की मौत पर फिल्म को ही अपनी पहली फिल्म के तौर पर पेश करना चाहते हैं और सिर्फ फिल्म ही क्यों विजय शेखर गुप्ता तो सुशांत सिंह को न्याय दिलाने के लिए अब सड़क पर भी उतरने के लिए तैयार हो गए हैं। चलो दिल्ली के नाम से वो ज्यादा से ज्यादा लोगों को अपने इस अभियान से जोड़ना चाह रहे हैं। सुशांत के फैन्स को इस अभियान से जोड़कर इसे एक बड़ा आंदोलन बनाना चाहते हैं विजय शेखर गुप्ता। सुशांत को न्याय ना मिल पाने की विजय शेखर गुप्ता के मन में टीस है और इसलिए वो अब दिल्ली के जंतर मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने जा रहे हैं।

एड और फिल्म निर्माता विजय शेखर गुप्ता और देवूजीत चौधरी के नेतृत्व में जंतर मंतर में एक बड़ा आंदोलन छेड़ा जा रहा है और 7 दिसंबर से शुरु होने वाले इस आंदोलन से ज्यादा से ज्यादा लोगों के जुड़ने का आह्वान किया जा रहा है। सुशांत को जिस तरह से देश की जनता ने अपना समर्थन दिया है, सुशांत को न्याय दिलाने के लिए जिस तरह से लोगों ने अपनी आवाज उठाई है उससे शेखर गुप्ता को उम्मीद है कि वो सुशांत की मौत के गुनहगारों के खिलाफ उठाए गए इस कदम में कामयाब होंगे और सुशांत को जल्द न्याय दिला पाएंगे। इसके लिए विजय शेखऱ गुप्ता ने ट्वीट किया है, लिखा है, मैं भारतवर्ष के सभी SSRians से निवेदन करता हूं 7 दिसंबर आरपार की लड़ाई के लिए दिल्ली चलो दिल्ली चलो…

अपने अगले ट्वीट में विजय शेखर गुप्ता ने ज्यादा से ज्यादा लोगों को अपने इस आंदोलन से जोड़ने का आह्वान किया है…लिखा है, दोस्तों आर पार की लड़ाई के लिए तैयार हो…
और विजय शेखर गुप्ता की लड़ाई सिर्फ सुशांत सिंह राजपूत, दिशा सालियान और जिया खान को न्याय दिलाने भर तक सीमित नहीं है बल्कि उनकी लड़ाई अब और आगे बढ़ने वाली है। इसी साल 18 जून 2020 को वो मायानगरी छोड़कर विजय शेखर गुप्ता नोएडा आ गए और यहीं बस गए…इसी सपने के साथ कि यहां वो एक अलग हिंदी फिल्म इंडस्ट्री बसाएंगे…जिसके लिए उन्होंने यहां के सांसद महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह से भी मुलाकात की थी…और इस इंडस्ट्री को बनाने को लेकर लंबी चर्चा भी की थी…अब बॉलीवुड को किनारे कर विजय शेखर गुप्ता हिंदवुड के नाम से एक इंडस्ट्री शुरु करने जा रहे हैं, जिसमें ना नेपोटिज्म होगा, ना कास्टिंग काउच जैसी कोई शिकायतें होंगी, ना माफियाओं का वहां पर वर्चस्व होगा।

विजय शेखर गुप्ता बॉलीवुड से अलग हिंदवुड में बाहर से आने वाले टैलेंट को मौका देना चाहते हैं जिन्हें बॉलीवुड में दबा दिया जाता है या फिर समझौता करने के लिए मजबूर किया जाता है। पहले महेश मांजरेकर और अतुल अग्निहोत्री के साथ काम कर चुके विजय शेखर गुप्ता जानते हैं कि बॉलीवुड की सालों पुरानी गंदगी को साफ करना अब आसान नहीं है इसलिए अब वो एक अलग हिंदी फिल्म इंडस्ट्री बनाकर खड़ी करना चाह रहे हैं जो पाक साफ होगी। इसके लिए वो लोगों से समर्थन जुटा रहे हैं, अपने साथ जुड़ने के लिए लोगों से अपील कर रहे हैं, बॉलीवुड में जो भी कुछ गलत हो रहा है उससे अलग एक अलग दुनिया बनाने की मंशा रख रहे हैं। कोशिश कर रहे हैं कि इस अलग दुनिया की शुरुआत सुशांत को न्याय दिलाकर कर पाएं ताकि ये दुनिया पाक साफ रहे, यहां प्रताड़ना ना हो बल्कि नए और अच्छे टैलेंट की कद्र हो।

मतलब साफ है कि फिल्म ‘सुसाइड और मर्डर’ नई हिंदी फिल्म इंडस्ट्री हिंदवुड की पहली फिल्म होगी और अपील उनकी सिर्फ एक है, सबसे पहले दिल्ली चलो आंदोलन के माध्यम से सुशांत सिंह को न्याय दिलाने के लिए लोग उनके साथ आएं और सुशांत के गुनहगारों को सजा दिलवाएं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here